छत्तीसगढ़

जगदलपुर में स्टेशनरी दुकान में भीषण आग, लपटें इतनी तेज कि JCB से तोड़नी पड़ी दुकान की दीवार

धरमपुरा स्थित सूरज मार्केटिंग में मची अफरा-तफरी, कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने पाया आग पर काबू। लाखों के नुकसान की आशंका।

 


जगदलपुर।

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर शहर में बुधवार को एक स्टेशनरी दुकान में लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। धरमपुरा स्थित अनुपम टॉकीज के सामने ‘सूरज मार्केटिंग’ नाम की दुकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और दूर तक उठता काला धुआं देखकर आसपास के दुकानदारों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान आग की चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा स्टेशनरी का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री कुछ ही देर में जलने लगी। आग बढ़ती देख आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानें खाली कर दीं और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

आग बुझाने के लिए JCB से तोड़ी गई दुकान की दीवार

मौके पर पहुंची दमकल टीम को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दुकान के अंदर तेज लपटों और घने धुएं के कारण भीतर पहुंचना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत दल ने JCB मशीन की मदद से दुकान के सामने का हिस्सा तोड़ दिया, ताकि दमकल कर्मी अंदर तक पानी की बौछार कर सकें।

घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

करीब दो दमकल वाहनों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का सही आकलन सामने आ सकेगा।

Related Articles

Back to top button