छत्तीसगढ़

बारिश ने खोली सड़कों की पोल, अब 15 अक्टूबर तक हर गड्ढा होगा बंद; अरुण साव ने अफसरों को दिया सख्त अल्टीमेटम

खराब सड़कों और पुलों की हालत पर उप मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी, राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सभी क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत के निर्देश; 15 अक्टूबर से नए काम युद्धस्तर पर शुरू करने को कहा

 

रायपुर। बारिश के दौरान प्रदेशभर में खराब हुई सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंताओं, मंडलों के अधीक्षण अभियंताओं और संभागों के कार्यपालन अभियंताओं के साथ बैठक कर प्रदेश में सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा की।

बारिश के बाद तत्काल शुरू होगा मरम्मत का काम

बैठक में अरुण साव ने सड़कों की मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश खत्म होते ही क्षतिग्रस्त सड़कों को सुधारने का काम तत्काल शुरू किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी संभागों को मांग के अनुसार सड़क मरम्मत और संधारण के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए तत्काल निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अफसरों को फील्ड में उतरने का निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अगले दो-तीन दिनों के भीतर अपने-अपने कार्यक्षेत्र का दौरा कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति की जांच करने को कहा।

उन्होंने सड़कों और पुलों के साथ-साथ डिवाइडर्स की मरम्मत, साफ-सफाई और रंगाई-पुताई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यपालन अभियंताओं को सप्ताह में दो से तीन दिन फील्ड में रहने को कहा।

15 अक्टूबर से नए निर्माण कार्यों को मिलेगी रफ्तार

जिन नए निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति मिल चुकी है और जिनकी निविदा प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। इसके लिए कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, जरूरत के अनुसार डायवर्टेड मार्ग उपलब्ध कराने और पर्याप्त साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए।

ठेकेदारों की जिम्मेदारी भी तय

अरुण साव ने परफॉर्मेंस गारंटी के अंतर्गत आने वाली सड़कों की मरम्मत और संधारण का काम संबंधित ठेकेदारों से तत्परता से कराने को कहा।

उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों को अच्छे और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के जरिए विभाग की सकारात्मक छवि मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

कार्यालयों में भी चलेगा स्वच्छता अभियान

उप मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यालयों को गंदगी, कबाड़ और कूड़े-करकट से मुक्त रखने के साथ पूरे परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कार्यालयीन भवनों के बेहतर रखरखाव पर भी जोर दिया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न संभागों के कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button