छत्तीसगढ़
तहसीलदार के तबादले पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक : 21 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई, अवैध रेत परिवहन पर कार्रवाई करने से हुआ था स्थानांतरण
बिलासपुर. विधायक व संसदीय सचिव शकुंतला साहू के समर्थक का ट्रक पकड़ने पर एक तहसीलदार का तबादला कर दिया गया था. इस मामले में हाईकोर्ट ने तबादले पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है. साथ ही संबंधितों से जवाब तलब किया है.
बता दें कि बलौदाबाजार जिले के पलारी तहसीलदार नीलमणि दुबे का प्रतिनियुक्ति पर 29 मार्च को सिंगल आदेश निकालकर तबादला कर दिया गया था. तहसीलदार नीलमणि दुबे, डिप्टी कलेक्टर अंशुल वर्मा, आरआई प्रीतम चंद्राकर की टीम ने 29 मार्च को अवैध रेत उत्खनन कर ले जा रहे ट्रक को पकड़ा था. कार्रवाई करने से विधायक शकुंतला साहू नाराज थी. कुछ घंटों बाद ही राजस्व व आपदा प्रबंधन विभाग ने सिंगल आदेश निकालकर तहसीलदार नीलमणि दुबे को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया.



