छत्तीसगढ़

कोरबा: मां की हत्या : विधवा मां के चरित्र पर बेटे को था संदेह, पहले झगड़ा किया, फिर चाकू से गोदकर मार डाला

कोरबा. विधवा मां के चरित्र पर संदेह कर जवान बेटे ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी. यह घटना राताखार गौरा चौकी क्षेत्र में गुरुवार की रात घटी. पुलिस ने हत्या के बाद फरार बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.

सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक गौरा चौकी निवासी 40 वर्षीय मीना कंवर शादियों में काम कर किसी तरह अपना गुजर-बसर करती थी. उसके पति की मृत्यु कई साल पहले हो गई है. उसका एक 19 वर्षीय बेटा मनोज कुमार उर्फ पिंटू है. मनोज को अपनी मां मीना के चरित्र पर संदेह था. वह अपनी मां से अक्सर विवाद किया करता था.

गुरुवार की रात लगभग 9 से 10 के मध्य मनोज का इसी बात को लेकर अपनी मां मीना कंवर से विवाद हो गया. इसके बाद उसने घर में रखे सब्जी काटने के चाकू से मां पर हमला कर दिया. उसने अपनी मां पर चाकू से कई वार किए. इससे घायल मीना कंवर बेसुध हो गई. काफी मात्रा में खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मां की हत्या करने के बाद मनोज भाग निकला.

इधर, पड़ोसियों ने इसकी सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मीना की मौत हो चुकी थी, इसलिए कमरे को सील कर दिया गया. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई. वह गांव में ही छिपा हुआ था. उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. टीआई रूपक शर्मा ने बताया कि आरोपी मनोज को अपनी मां के चरित्र पर संदेह था. इस कारण उसने चाकू से गोदकर अपनी मां की हत्या कर दी. उसे गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू बरामद कर लिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button