CG रायगढ़ में बेटियों का कमालः10वीं और 12वीं की मेरिट लिस्ट में 6 बेटियों ने बनाया स्थान, कलेक्टर ने टॉपर बच्चियों को किया सम्मानित, कैरियर को लेकर दिए टिप्स…
रायगढ़. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम में रायगढ़ की बेटियों ने सफलता का परचम लहराया है. 10 वीं और 12 वीं के मेरिट लिस्ट में रायगढ़ की 6 बेटियों ने अपना स्थान बनाया है. कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने सभी मेरिट होल्डर्स से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया है. उन्होंने सभी टॉपर्स के पालकों और शिक्षकों का भी सम्मान किया. कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने कक्षा 12वीं में पूरे प्रदेश में अव्वल आने वाली छात्रा विधि भोसले, 12वीं की मेरिट में संयुक्त रूप से नवें स्थान पर रहने वाली दीपिक पटेल और रानी महाना, कक्षा 10वीं के मेरिट लिस्ट में चौथे स्थान पर आने वाली अदिति भगत, 7वें स्थान पर रही श्रद्धांशी अग्रवाल औऱ आठवीं पोजिशन पर रही खुशी पटेल को सम्मानित किया.
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने इस दौरान सभी बच्चियों से कहा कि, आपकी सफलता से पूरा रायगढ़ जिला गौरवान्वित है. हमें उम्मीद ही नहीं पूरा विश्वास है कि, आपकी सफलता का सफर यूं ही जारी रहेगा. जीवन में अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कई चुनौतियों और परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है. ऐसी सफलता उन लक्ष्यों को पाने के लिए दोगुनी मेहनत करने का जोश भरती हैं. उन्होंने सभी टॉपर्स बच्चों के पालकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि, किसी बच्चे की सफलता में उसके माता-पिता और शिक्षक का बराबर का योगदान होता है. पालक पढ़ाई के लिए सही माहौल उपलब्ध कराते हैं और शिक्षक मार्गदर्शन करते हैं, जिससे छात्र की मेहनत सफलता के स्वर्णिम रूप में चमकती है.



