CG Board Exam Result 2023: संस्कृत बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित, हाई स्कूल 9वीं-10वीं, हायर सेकेन्डरी 11वीं-12वीं परीक्षा में 98.34 प्रतिशत छात्र पास…
CG Board Exam Result 2023 रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने आज अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् (बोर्ड) द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षा वर्ष 2022-23 का परिणाम घोषित किया। पूर्व मध्यमा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा उत्तर मध्यमा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष (हाई स्कूल कक्षा 9वीं, 10वीं तथा हायर सेकेन्डरी कक्षा 11वीं, एवं 12वीं) की मुख्य परीक्षा में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम 98.34 प्रतिशत रहा। शंखनाद वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ अतिथियों द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम ने परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को कहा कि वे निराश ना हो फिर से मेहनत से पढ़ाई करें, उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार संस्कृत के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संस्कृत विषय की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुमार शर्मा, राज्य गो सेवक आयोग के अध्यक्ष महंत डॉ. रामसुन्दर दास, सदस्य छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् डॉ. तोयनिधि वैष्णव, सचिव पूर्णिमा पाण्डेय, सहायक संचालक परीक्षा लक्ष्मण प्रसाद साहू, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की सदस्य निवेदिता चटर्जी सहित छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् की कर्मचारी, प्राच्य संस्कृत विद्यालयों के प्राचार्य एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

