रायपुर: अडानी पावर लिमिटेड ने रखा 2 लाख से ज्यादा वृक्षारोपण करने का लक्ष्य, प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान पर आयोजित किए जाएंगे जागरूकता कार्यक्रम
रायपुर. तिल्दा विकासखंड में स्थित अडानी पॉवर लिमिटेड (एपीएल), रायखेड़ा द्वारा पर्यावरण के संरक्षण और प्रकृति के प्रति समर्पण भाव रखने के लिए पर्यावरण जागरूकता पखवाड़ा अभियान का आयोजन किया जा रहा है. एपीएल के पर्यावरण, स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा जारी विश्व पर्यावरण दिवस 2023 की थीम “पारिस्थितिकी तंत्र के बहाली के लिए प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान” की मुहिम के अंतर्गत 5 से 10 जून के बीच संयंत्र के कर्मचारियों के साथ साथ पास के ग्राम रायखेड़ा, गैतरा, चिचोली इत्यादि गांवों के शासकीय स्कूलों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिनमें पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ ग्रहण और पौधा रोपण के साथ साथ प्लास्टिक प्रदूषण और प्राकृतिक संरक्षण के संसाधनों पर प्रासंगिक स्लोगन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पहेली प्रतियोगिता जागरूकता रैली, पोस्टर और ड्राइंग प्रतियोगिता इत्यादि शामिल हैं.
अभियान के उद्घाटन समारोह में एपीएल के स्टेशन प्रमुख गट्टू रामभव सहित 250 से ज्यादा अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा और क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाने की शपथ ली गई. इसके बाद सभी ने एपीएल रायखेड़ा सयंत्र परिसर में ही 500 से ज्यादा पौधों का रोपण कर इस वर्ष के अंत तक 2 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया. इस दौरान गट्टू रामभव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि “विश्व पर्यावरण दिवस पर संयुक्त राष्ट्र संघ की प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान की इस थीम का पालन हमारे प्लांट में दो वर्ष पहले ही हो चुका था. आज हमें गर्व हो रहा है कि हमारा संयंत्र सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त संयंत्र हैं. यह पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. वहीं इस वर्ष संयंत्र के आसपास के क्षेत्र को प्लास्टिक से मुक्त कराने की पहल हम सभी एक साथ मिलकर करेंगे“.

