रायपुर: अब ‘मुर्दे’ देंगे जीवनदानः जीवित व्यक्ति को लाश देगी नई जिंदगी, बर्न मरीजों के लिए त्वचा बैंक साबित होगा संजीवनी…
रायपुर. अब मृत व्यक्ति जीवित व्यक्ति को जीवनदान देगा. सुनने में भले ही थोड़ा अटपटा लग रहा होगा, लेकिन ये हकीकत है. दरअसल, छत्तीसगढ़ का पहला स्किन बैंक बनकर तैयार है. जो बर्न मरीजों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं होगा. वहीं त्वचा दान करने के लिए 8839188491 नंबर जारी किया गया है.
बता दें कि, राजधानी के दाऊद कल्याण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में त्वचा बैंक बनाया गया है. जहां 18 वर्ष के ऊपर आयु के लोग त्वचा दान कर सकते हैं. हालांकि, त्वचादान करने के लिए कुछ पैमाने हैं, जिनमें फिट बैठने पर ही त्वचादान किया जा सकता है.
डॉक्टरों का कहना है कि, बर्न मरीज़ों के रिकवरी दर में बढ़ोत्तरी होगी. स्किन बैंक में पांच सालों तक त्वचा रखा जा सकता है. व्यक्ति की मृत्यु के छह घंटे के भीतर त्वचा दान कर सकते हैं. मधुमेह और उच्च रक्तचाप वाले व्यक्ति भी दान कर सकता है. वहीं एड्स, हेपेटाइटिस B व सी, यौन संचारित रोग, त्वचा कैंसर, सक्रिय त्वचा रोग, सेफ़्टीसीमीया वाले व्यक्ति त्वचा दान नहीं कर सकता.

