बिलासपुर: नगर निगम की बड़ी लापरवाही, तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स ढहा, बिल्डिंग के पास नाली निर्माण के लिए हो रही थी खुदाई…

बिलासपुर। न्यायधानी में आज सुबह तीन मंजिला कांप्लेक्स डह गया। कांप्लेक्स के सामने ही नाला निर्माण के लिए नगर निगम खुदाई कर रहा था। माना जा रहा है कि नगर निगम के बेतरतीब खुदाई के चलते कांप्लेक्स की नींव को नुकसान पहुंचा और वह डह गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अभी तक कोई जनहानि की खबर नहीं है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
न्यायधानी में नगर निगम जगह जगह पानी निकासी के लिए नाला खुदाई करवा रहा है। इसी क्रम में मंगला चौक से महाराणा चौक जाने वाले रिंग रोड में भी खुदाई हो रही है। रिंग रोड में स्थित रानी सती दादी मंदिर के बाजू में मेडिकल कारोबारी विकास गुप्ता ने तीन मंजिला व्यवसायिक कांप्लेक्स का निर्माण करवाया है । काम्प्लेक्स का निर्माण हाल ही में हुआ है। वहां उनकी विकास मेडिकल स्टोर के नाम से मेडिकल दुकान चलती है। इसके साथ ही ज्वेलरी शॉप है। जिसके सामने भी नाला के लिए खुदाई की जा रही थी। आज सुबह करीबन साढ़े 6 बजे व्यावसायिक कांप्लेक्स भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि तड़के सुबह की घटना होने के चलते ना तो कांप्लेक्स में कोई था और ना ही कांप्लेक्स के आसपास कोई था। नाला निर्माण करने वाले मजदूर भी वहां नहीं पहुंचे थे। जिसके चलते अब तक कोई जनहानि की खबर नहीं आई है।

