छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में कुपोषण के खिलाफ बड़ा एक्शन! मुख्यमंत्री साय ने बनाई नई रणनीति, अब स्वस्थ मां और बच्चे होंगे सबसे बड़ी प्राथमिकता

यूनिसेफ के साथ मिलकर तैयार होगी समन्वित कार्ययोजना। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण और बच्चों के विकास को लेकर सरकार ने तेज की तैयारी।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण के खिलाफ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार अब यूनिसेफ के तकनीकी सहयोग से सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर एक समन्वित और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करेगी।

बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में भारत में यूनिसेफ की प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण उन्मूलन और बच्चों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

सभी विभाग मिलकर बनाएंगे साझा रणनीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आदिम जाति विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभाग मिलकर ऐसी मल्टी-सेक्टोरल रणनीति तैयार करें, जिससे शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और कुपोषण में प्रभावी कमी लाई जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और बच्चों के पोषण स्तर में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग विभागों के समन्वित प्रयासों से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

यूनिसेफ ने जताया सहयोग का भरोसा

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ की भारत प्रतिनिधि सिंथिया मैककैफ्रे का शॉल और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान ‘नंदी’ भेंट कर स्वागत किया। वहीं सिंथिया मैककैफ्रे ने भारत में यूनिसेफ के 75 वर्ष पूरे होने पर भारतीय डाक विभाग द्वारा जारी विशेष स्मारक डाक टिकट मुख्यमंत्री को भेंट किया।

उन्होंने ‘जय जोहार’ कहकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और सरल लोगों का प्रदेश है। उन्होंने बताया कि यूनिसेफ लंबे समय से राज्य सरकार के साथ मिलकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहा है।

बच्चों के बेहतर भविष्य पर रहेगा फोकस

यूनिसेफ ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयासों से प्रदेश के बच्चों का भविष्य अधिक सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनेगा। बैठक में मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ में यूनिसेफ की प्रमुख सीमा कुमार, अनिल गुलाटी और डॉ. बाल पारितोष दास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

R.O. No. : 13910/ 226

Related Articles

Back to top button