रायगढ़
Raigarh News: नए साल की भक्तिमय शुरुआत; बूढ़ी माई और गौरी शंकर मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि की कामना की

रायगढ़। रायगढ़ में नव वर्ष 2026 का स्वागत बड़ी ही आस्था और उल्लास के साथ किया गया। साल के पहले दिन शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
रायगढ़ के प्रसिद्ध बूढ़ी माई मंदिर और गौरी शंकर मंदिर में आज श्रद्धा, भक्ति और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु सुबह से ही कतारों में लगकर माता टेकने और भगवान का आशीर्वाद लेने पहुंचे। न केवल शहर, बल्कि जिले के दूर-दराज के इलाकों से भी लोग परिवार सहित सुख-समृद्धि की कामना करने पहुंचे।
मंदिरों में दिनभर जयकारों की गूँज रही। वहीं, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर के बाहर नारियल, फूल और प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। नए साल की इस पावन शुरुआत ने पूरे शहर को भक्तिमय और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया है।




