सुशासन तिहार में मचा सियासी बवाल! मंच से गूंजे ‘चोर-चोर’ के नारे, विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता में तीखी बहस का VIDEO वायरल
जनता की समस्याओं पर शुरू हुई चर्चा अचानक राजनीतिक टकराव में बदली, आरोप-प्रत्यारोप के बीच गरमाया माहौल

बिलासपुर। सुशासन तिहार के तहत आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम उस समय राजनीतिक अखाड़े में बदल गया, जब भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच मंच पर ही तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते माहौल इतना गरमा गया कि कार्यक्रम स्थल पर ‘चोर-चोर’ के नारे गूंजने लगे और कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
घटना बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर की है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। लेकिन जनसमस्याओं पर चर्चा के बीच शुरू हुई बहस जल्द ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई।
किसानों और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर उठे सवाल
जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की समस्या, खराब सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों और आवेदनों का समय पर समाधान नहीं हो रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने मंच से सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए, जिससे माहौल राजनीतिक रंग लेने लगा।
विधायक ने दिया जवाब, फिर बढ़ा विवाद
कांग्रेस नेता के आरोपों के बाद भाजपा विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने मंच से जवाब देते हुए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का बचाव किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए, जिससे माहौल और अधिक गर्म हो गया। नारों से नाराज विधायक धरमलाल कौशिक ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद कार्यक्रम में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंच पर बहस और नारेबाजी का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
पहले भी सुर्खियों में रह चुका है सुशासन तिहार
गौरतलब है कि इससे पहले दुर्ग जिले में आयोजित एक शिविर के दौरान भी जनपद सीईओ और भाजपा नेता के बीच बहस का मामला सामने आया था। अब बिलासपुर के ग्राम गोढ़ी में हुई यह घटना सुशासन तिहार को लेकर नई राजनीतिक बहस को जन्म दे रही है।
फिलहाल वायरल वीडियो और कार्यक्रम में हुई नारेबाजी को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जबकि यह घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

