VIDEO: खेतों में मस्ती करते दिखे 12 हाथी, लेकिन किसानों के लिए बन गए आफत! वायरल हुआ दिलचस्प नजारा
जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र में दो महीने से डेरा जमाए है हाथियों का दल, धान की फसल रौंदने से किसानों की बढ़ी चिंता

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव वन क्षेत्र से हाथियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में 12 हाथियों का झुंड धान के खेतों में मस्ती करता और अटखेलियां करता नजर आ रहा है। यह दृश्य देखने में भले ही आकर्षक लगे, लेकिन किसानों के लिए यह बड़ी चिंता का कारण बन गया है, क्योंकि हाथी खेतों में घुसकर तैयार हो रही धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
दो महीने से इलाके में डेरा जमाए हुए हैं हाथी
जानकारी के मुताबिक, खड़ामाचा इलाके में पिछले करीब दो महीनों से 12 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर सतर्क रहने को मजबूर हैं, जबकि खेतों में पहुंच रहे हाथी किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
धान की फसल रौंदते कैमरे में कैद हुए हाथी
सामने आए वीडियो में हाथियों का झुंड धान के खेतों में लेटकर और घूमते हुए दिखाई दे रहा है। इस दौरान कई जगहों पर फसल पूरी तरह रौंदी जाती नजर आ रही है। हाथियों की इन गतिविधियों से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से की अपील
वन विभाग के अनुसार, जंगल में हाथियों के लिए भोजन और पानी की पर्याप्त व्यवस्था होने के बावजूद उनका झुंड गांवों की ओर रुख कर रहा है। स्थिति को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के पास जाने या उन्हें भगाने की कोशिश न करें। किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन अमले को दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


