छत्तीसगढ़

जादू-टोने के शक में खौफनाक कत्ल! बैगा का चाकू से गला काटा, परिवार में मौतों के बाद फूटा गुस्सा

अंधविश्वास की आग में गई एक और जान

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा सामने आया है। यहां जादू-टोने के शक में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की धारदार चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले का खुलासा आज किए जाने की संभावना है।

यह पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।


गांव में झाड़-फूंक करता था मृतक

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मेहरू यादव (55 वर्ष) निवासी ग्राम हिरानार के रूप में हुई है। वह गांव में झाड़-फूंक और बड्डे का काम करता था।

बताया जा रहा है कि पिछले एक साल के भीतर आरोपियों के परिवार में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसी के बाद उन्हें शक हुआ कि मेहरू यादव ने जादू-टोना किया है।


देर रात घर में घुसकर कर दी हत्या

इस शक के चलते रविवार देर रात गांव के ही दो चचेरे भाई अमित लेकामी (26) और दशमु (45) मेहरू यादव के घर में घुस गए।

दोनों ने धारदार चाकू से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


पुलिस ने तुरंत दबोचे आरोपी

वारदात की जानकारी मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।


आज हो सकता है पूरा खुलासा

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच अभी जारी है। दोनों आरोपियों को आज विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा सकता है।

इस सनसनीखेज हत्या ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अंधविश्वास और जादू-टोने के नाम पर अब भी निर्दोष लोगों की जान क्यों जा रही है।

Related Articles

Back to top button