न्याय न मिला तो हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया ग्रामीण…नीचे खड़े अफसरों की सांसें अटकीं, बिजली भी करनी पड़ी बंद!
रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में जमीन विवाद ने लिया खतरनाक मोड़, 12 साल से न्याय की मांग कर रहा ग्रामीण

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक इलाके में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े ग्रामीण की पहचान सोंडरा गांव निवासी किशन लाल निषाद के रूप में हुई है, जिसने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीण को समझाने की कोशिश शुरू कर दी।
12 साल से जमीन विवाद का आरोप
किशन लाल निषाद का आरोप है कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर पिछले 12 साल से फॉर्चून मेटल प्राइवेट लिमिटेड ने अवैध कब्जा कर रखा है।
उसका कहना है कि वह पिछले एक दशक से अधिक समय से शासन-प्रशासन के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। इसी से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
बिजली सप्लाई तुरंत कराई बंद
ग्रामीण के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही SDM, तहसीलदार और धरसीवां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। संभावित हादसे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवा दी।
लिखित गारंटी की मांग पर अड़ा
टावर के नीचे मौजूद अधिकारी लाउडस्पीकर के जरिए किशन लाल को नीचे उतरने की अपील कर रहे हैं। हालांकि ग्रामीण अपनी जमीन को तुरंत मुक्त कराने की लिखित गारंटी की मांग पर अड़ा हुआ है।
