छत्तीसगढ़ भेजी जा रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी, सूमो चालक और तस्कर फरार
जयसिंहनगर के ग्रामीणों ने शराब तस्करी रोकने की कोशिश की, पुलिस और आबकारी विभाग की लापरवाही उजागर

छग/एमपी। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में शराब तस्करी का खेल अब खुलकर सामने आया है। जयसिंहनगर क्षेत्र से छत्तीसगढ़ भेजी जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, लेकिन आबकारी और पुलिस की लापरवाही के कारण तस्कर गाड़ी छीनकर फरार हो गए। इस दौरान ग्रामीणों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा मामला ग्राम विनायक का है। टेटका बस स्टैंड से होकर जंगल के रास्ते के जरिए ग्राम चांटी के मार्ग से छत्तीसगढ़ के लिए शराब ले जाई जा रही थी। ग्रामीणों को इसकी भनक लगी और विनायक ग्राम पंचायत के सरपंच अमृतलाल सिंह के नेतृत्व में संदिग्ध वाहन (क्रमांक CG-04-LF-8601) को पकड़ा। गाड़ी में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लदी थी।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन और जयसिंहनगर पुलिस को सूचना दी। सरपंच के मुताबिक, उन्होंने थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी विनोद को भी बताया, लेकिन घंटों बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस देरी का फायदा उठाते हुए कथित शराब ठेकेदार दीपक गुप्ता अपने कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और धमकी देकर शराब लदे वाहन को लेकर फरार हो गए।
घटना का वीडियो ग्रामीणों ने रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल होकर पुलिस और आबकारी विभाग की लापरवाही को उजागर कर रहा है।



