LPG की कालाबाजारी पर बड़ी चोट! तीन जिलों में ताबड़तोड़ छापे, 100 से ज्यादा सिलेंडर जब्त
सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में प्रशासन की कार्रवाई; अवैध रिफिलिंग का वीडियो वायरल, CM विष्णु देव साय बोले– प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं

Surajpur / Bilaspur / Janjgir-Champa। प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कई जिलों में लगातार छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों में संयुक्त टीमों ने कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत करकोली गांव में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महेश गुप्ता के गोदाम पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान यहां से 35 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
वहीं Bilaspur में गैस की कालाबाजारी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय नगर इलाके में ‘गरिमा किचन केयर’ नाम की दुकान की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडरों से अन्य सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। वायरल वीडियो में खुलेआम एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस भरते हुए देखा जा सकता है। मामला सामने आने के बाद जिला खाद्य विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही है।
इधर Pamgarh–Shivrinarayan क्षेत्र में भी खाद्य विभाग की टीम ने होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी की। इस दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए कार्रवाई करते हुए 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इस पूरे मामले पर Vishnu Deo Sai ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस संकट को लेकर दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, जबकि पेट्रोलियम पदार्थों का आयात लगातार जारी है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।
प्रशासन का कहना है कि कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


