छत्तीसगढ़

17 सितंबर से शुरू होगा बड़ा अभियान… CM के बाद अब डिप्टी CM साव ने कसी कमर, शहरों में होंगे ये खास काम

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, अरुण साव ने नगरीय निकायों को दिए जनभागीदारी बढ़ाने और योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाने के निर्देश

रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान को जनभागीदारी और जनसेवा का व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। इसी कड़ी में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में हुई वर्चुअल बैठक में महापौरों, नगर निगम आयुक्तों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्षों व मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी ली गई। इस दौरान विभागीय समन्वय, गतिविधियों के संचालन और प्रचार-प्रसार को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

हर नागरिक तक पहुंचे अभियान का संदेश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाया जाए।

उन्होंने जनसेवा के प्रति आभार, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन से जोड़ने के लिए अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सेवा और विकास का संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे।

फोटो-वीडियो से लेकर रील तक… हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने अभियान की गतिविधियों के दस्तावेजीकरण पर खास जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गतिविधि की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाए।

उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की जाए, जिससे अभियान के कार्यों और उनके प्रभाव की जानकारी व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सके।

सिर्फ कार्यक्रमों की तस्वीरें ही नहीं, बल्कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों की कहानियों को भी सामने लाने के निर्देश दिए गए।

‘सेवा की कहानी’ में सामने आएंगी असली बदलाव की कहानियां

अरुण साव ने ‘सेवा की कहानी’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरणादायी कहानियों को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जब लोगों को यह पता चलेगा कि सरकारी योजनाओं से किसी परिवार या व्यक्ति के जीवन में किस तरह वास्तविक बदलाव आया है, तो इससे दूसरे लोग भी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

वहीं ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और योजनाओं की जानकारी व सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

‘आशीर्वाद का दीया’ से ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ तक कई कार्यक्रम

बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इनमें—

  • आशीर्वाद का दीया
  • 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत
  • नमो सेवा गाथा
  • आंगन का उत्सव
  • सेवा की कहानी
  • विकसित भारत संकल्प यात्रा
  • सेवा ज्योति यात्रा
  • सेवा मेरा योगदान
  • सेवा सेतु अभियान
  • रंगोली राष्ट्र
  • राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज

सहित कई गतिविधियां शामिल हैं।

अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ को भी मिलेगा जनआंदोलन का रूप

बैठक में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ की गतिविधियों को भी जनभागीदारी के साथ संचालित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को सिर्फ सरकारी अभियान नहीं बल्कि व्यापक जनआंदोलन बनाया जाना चाहिए। इसके लिए नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों को सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से अपनी अगुवाई में स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान करने को कहा।

‘पहले क्या था, अब क्या बदला’… इसका भी दिखेगा असर

अरुण साव ने अधिकारियों को ऐसे स्थानों और क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए, जहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर स्पष्ट परिणाम हासिल किए जा सकें।

उन्होंने कहा कि अभियान से पहले और अभियान के बाद की स्थिति को रिकॉर्ड किया जाए, ताकि लोगों के सामने स्वच्छता अभियान से हुआ वास्तविक बदलाव साफ तौर पर दिखाई दे।

समय पर पूरा हो हर काम, निगरानी भी होगी तेज

उप मुख्यमंत्री ने अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी, समयबद्ध क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा की भावना, जनभागीदारी और विकास के संकल्प को जमीनी बदलाव से जोड़ने का माध्यम बनना चाहिए।

बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि व अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

 

Related Articles

Back to top button