छत्तीसगढ़

PSC घोटाले में फिर बड़ा धमाका! भिलाई में पूर्व सचिव के घर CBI की दबिश, पुराने राज खंगाल रही टीम

भर्ती घोटाले की जांच में नया मोड़, सुबह से चल रही कार्रवाई ने बढ़ाई कई लोगों की बेचैनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित PSC भर्ती घोटाले में एक बार फिर जांच एजेंसी ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार सुबह CBI की टीम ने पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव (जेके ध्रुव) के भिलाई स्थित निवास पर दबिश देकर जांच शुरू की, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, भिलाई के सेक्टर-10 स्थित जेके ध्रुव के घर पर CBI की कार्रवाई जारी है। जांच एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। कार्रवाई की खबर फैलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

CBI की जांच वर्ष 2020 से 2022 के बीच आयोजित हुई PSC भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी है। एजेंसी का आरोप है कि चयन प्रक्रिया को प्रभावित कर कुछ अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की कोशिश की गई थी। जांच में यह भी आरोप सामने आया कि तत्कालीन सचिव जीवन किशोर ध्रुव ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने पुत्र सुमित ध्रुव सहित कुछ प्रभावशाली लोगों और आयोग से जुड़े व्यक्तियों के रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाने में भूमिका निभाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने इसकी जांच CBI को सौंपी थी। जांच के दौरान एजेंसी ने ध्रुव समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था और बाद में अदालत में पूरक आरोपपत्र भी पेश किया गया। आरोपपत्र में भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, मिलीभगत और चयन प्रक्रिया में हस्तक्षेप जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अधिकांश आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, लेकिन मुख्य आरोपी टामन सिंह सोनवानी अब भी जेल में बंद हैं। ऐसे में CBI की ताजा कार्रवाई को जांच की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

PSC भर्ती घोटाला प्रदेश के सबसे चर्चित मामलों में शामिल है, जिसमें चयनित अधिकारियों, उनके परिजनों और आयोग के तत्कालीन पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर लगातार जांच चल रही है। अब भिलाई में हुई इस नई कार्रवाई के बाद एक बार फिर मामले में नए खुलासों की अटकलें तेज हो गई हैं।

फिलहाल CBI की टीम जांच में जुटी हुई है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े नए तथ्यों के सामने आने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button