PM आवास पर बहस खत्म होते ही छिड़ गया ‘पोस्टर वार’! भूपेश बघेल ने विजय शर्मा पर कसा तंज, BJP ने भी जारी किया पलटवार
प्रेस क्लब की खुली डिबेट के बाद सोशल मीडिया पर गरमाई सियासत, भूपेश बोले- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’, भाजपा ने पोस्टर से दिया जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर हुई खुली बहस अब प्रेस क्लब से निकलकर सीधे सोशल मीडिया के मैदान में पहुंच गई है। रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच प्रधानमंत्री आवास के आंकड़ों को लेकर हुई तीखी बहस के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है।
डिबेट खत्म होने के बाद दोनों दलों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर निशाना साधना शुरू कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए डिप्टी सीएम विजय शर्मा पर तंज कसा, तो भाजपा ने भी पोस्टर जारी कर पलटवार किया।
भूपेश बघेल का तंज- ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’
डिबेट के बाद भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा- “अगली बार किसी समझदार को भेजना।” इसके साथ उन्होंने ‘छोटा रिचार्ज’ को लेकर भी तंज कसा और कहा कि यह रील के लिए ही ठीक है।
भूपेश बघेल की इस टिप्पणी के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई।
BJP ने पोस्टर से दिया जवाब
कांग्रेस के हमले के जवाब में भाजपा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी किया। भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में लिखा गया- “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”
भाजपा ने एक अन्य पोस्टर के जरिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। इसमें लिखा गया- “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”
इन पोस्टरों के सामने आने के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बहस अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है।
पहले चुनौती, फिर आमने-सामने हुई डिबेट
दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच ओपन डिबेट तय की गई।
मंगलवार को रायपुर प्रेस क्लब में दोनों नेता पहुंचे और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों और सरकार के दावों पर आमने-सामने बहस हुई। दोनों पक्षों ने अपने-अपने आंकड़े और तर्क सामने रखे।
हालांकि डिबेट खत्म होने के बाद मामला यहीं नहीं रुका। पहले प्रेस क्लब के बाहर भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हंगामे की खबर सामने आई और अब सोशल मीडिया पर पोस्टर और तंज का दौर शुरू हो गया है।
अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर शुरू हुई यह राजनीतिक बहस आने वाले दिनों में और कितना तूल पकड़ती है।



