गांवों की ‘जीवनरेखा’ पर राहत की किरण… मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गोबरी नाला रपटा निर्माण का किया निरीक्षण
क्षतिग्रस्त पुल से 10 से अधिक ग्राम पंचायतों का आवागमन ठप, अब जल्द मिलेगा समाधान

भैयाथान। महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने रविवार को भैयाथान विकासखंड की जीवनरेखा कही जाने वाली गोबरी नदी पर निर्माणाधीन अस्थायी रपटा पुल का स्थल निरीक्षण किया।
मंत्री राजवाड़े ने पुल निर्माण की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया और लोक निर्माण सेतु विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए और इसे हर हाल में जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण दो माह पहले गोबरी नाला का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे खुटरापारा, डबरीपारा, गंगोटी, बांसापारा समेत 10 से अधिक ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आवागमन बाधित होने से बच्चों की शिक्षा, मरीजों की चिकित्सा और रोजमर्रा की जरूरतें प्रभावित हो रही थीं। ग्रामीणों को मजबूरन 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा था।
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीणों से भी चर्चा की और उन्हें भरोसा दिलाया कि अस्थायी रपटा निर्माण शीघ्र ही पूरा होगा, जिससे डुमरिया से गंगोटी मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों पर बराबर ध्यान देने के निर्देश दिए।


