रायपुर की सड़कों पर पुलिस का बड़ा एक्शन! एक-एक कर रोकी गई गाड़ियां, 47 नशेड़ी चालक चढ़े हत्थे
ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में कार, ट्रक, ई-रिक्शा और बाइक चालकों पर कार्रवाई, वर्ष 2026 में अब तक 3559 लोगों पर हो चुका है केस

रायपुर, 28 जून 2026। राजधानी रायपुर में आधी रात चलाए गए विशेष ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे 47 चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शनिवार देर रात शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर एक साथ विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) श्रीमती सीमा अहिरवार के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें यातायात अधिकारियों और जवानों की अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं।
पुलिस ने तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना के सामने वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे कुल 47 चालकों को पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान 29 कार चालक, 4 मोटरसाइकिल चालक, 1 ई-रिक्शा चालक, 7 टाटा एस वाहन चालक और 6 ट्रक चालक नशे की हालत में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 3559 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डाल सकता है।
