खेलछत्तीसगढ़

रायपुर में IPL का हाईवोल्टेज मुकाबला! मैदान में विराट-रोहित का जलवा, स्टेडियम में उतर सकता है अंबानी परिवार

10 साल बाद रायपुर में क्रिकेट का महाकुंभ, सेलिब्रिटीज की एंट्री और 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती से हाई अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रही है। 10 साल बाद शहर को आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है और शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला मुकाबला अब सिर्फ क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि स्टार पावर और हाई सिक्योरिटी वाला बड़ा इवेंट बन गया है।

मैदान में जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का जलवा देखने मिलेगा, वहीं स्टेडियम में बॉलीवुड और बिजनेस जगत की बड़ी हस्तियों की मौजूदगी भी चर्चा में है। सूत्रों के मुताबिक बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह मैच देखने पहुंच सकती हैं। वहीं मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने अंबानी परिवार के भी रायपुर आने की संभावना जताई जा रही है।

इस हाईप्रोफाइल मुकाबले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद बनाने के लिए 8 आईपीएस अधिकारियों समेत करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा तैयारियों को और तेज कर दिया गया है।

डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी बनाया गया है, जो आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में पूरी व्यवस्था संभालेंगे। 1200 पुलिस जवानों और अधिकारियों के अलावा ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 300 अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे।

स्टेडियम पहुंचने के लिए प्रशासन ने 5 अलग-अलग रूट तय किए हैं, जबकि दर्शकों के प्रवेश के लिए 12 गेट बनाए गए हैं। वीआईपी और पास धारकों के लिए अलग रूट और पार्किंग व्यवस्था की गई है ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

रायपुर शहर समेत दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, धमतरी, महासमुंद और जगदलपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग और ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। पुलिस ने लोगों से तय मार्गों का ही उपयोग करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

अब सबकी नजरें 10 मई पर टिकी हैं, जब रायपुर का स्टेडियम सिर्फ चौकों-छक्कों से नहीं, बल्कि सितारों की चमक और हजारों फैंस के शोर से गूंज उठेगा।

Related Articles

Back to top button