छत्तीसगढ़

आधी रात छापा, जंगल किनारे मिला ‘रेत का काला खेल’! 1740 घनमीटर अवैध रेत जब्त, हाईवा भी पकड़े गए

ड्रोन से निगरानी के बीच खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध भंडारण देख अफसर भी रह गए हैरान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ सरकार का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के आरंग इलाके में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रेत भंडारण का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 1740 घनमीटर रेत जब्त की गई, जबकि अवैध परिवहन में लगे दो हाईवा वाहन भी पकड़े गए हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेशभर में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत खनिज विभाग दिन-रात कार्रवाई में जुटा हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक सचिव खनिज साधन विभाग और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने आरंग तहसील के ग्राम कागदेही में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान समोदा-कागदेही मार्ग और आर्या पेट्रोल पंप के दक्षिण दिशा स्थित फॉरेस्ट नर्सरी के पास बड़ी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण मिला। अधिकारियों ने जब दस्तावेज मांगे तो वैध अनुमति नहीं दिखाई जा सकी।

इसके बाद खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई करते हुए लगभग 1740 घनमीटर रेत जब्त कर ली गई।

जब्त रेत को नगर पंचायत समोदा के पार्षद देवेंद्र कुमार साहू के सुपुर्द किया गया है।

इसी दौरान टीम ने सघन जांच अभियान चलाते हुए ग्राम समोदा के पास अवैध रेत परिवहन में लगे दो हाईवा वाहनों को भी पकड़ा। दोनों वाहनों को जब्त कर आरंग थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

खनिज विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध रेत कारोबार में शामिल लोगों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग अब ड्रोन, रात्रिकालीन गश्त और औचक निरीक्षण के जरिए ऐसे नेटवर्क पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button