बालोद: स्प्राइट की बोतल में छिपाकर स्कूल में पी रहा था शराब! निलंबन के बाद भी नहीं सुधरा हेडमास्टर

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। शासकीय प्राथमिक शाला ग्राम चिपरा के प्रधानपाठक सरजूराम ठाकुर ड्यूटी के दौरान शराब पीते हुए रंगे हाथ पकड़े गए — वो भी स्प्राइट की बोतल में शराब छिपाकर लाए थे, ताकि किसी को शक न हो।
इस हैरान कर देने वाले मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब मंगलवार को कुसुमकसा भाजपा मंडल अध्यक्ष निरीक्षण के लिए स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने हेडमास्टर की गतिविधियों पर संदेह जताया और जांच करने पर पाया कि वह शराब सेवन कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सरजूराम ठाकुर पहले भी स्कूल परिसर में शराब पीते पकड़े जा चुके हैं, जिसके बाद उन्हें निलंबित किया गया था। इसके बावजूद उन्हें दोबारा बहाल कर देना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बीईओ को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा है कि इस तरह के शिक्षक बच्चों के भविष्य के लिए घातक हैं और इनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अब सवाल उठता है:
क्या एक बार फिर सिर्फ निलंबन ही होगा, या इस बार कोई कड़ा फैसला लिया जाएगा?



