डिग्री नहीं, दिशा तय करो… भविष्य खुद रास्ता बनाएगा! युवा संवाद में वित्त मंत्री ओपी चौधरी का जोशीला संदेश
संघर्ष से आईएएस तक की कहानी सुनाकर युवाओं में भरा आत्मविश्वास, बोले—भारत संभावनाओं का देश है

बलौदाबाजार।
जिला ऑडिटोरियम में सोमवार को युवाओं के सवाल, सपने और भविष्य की चिंताएं जब मंच तक पहुंचीं, तो जवाब सिर्फ शब्दों में नहीं बल्कि अनुभव और आत्मविश्वास में मिले। केंद्रीय बजट 2026-27 विषय पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं यूथ आइकॉन ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा—
“युवा अपनी क्षमता का विस्तार करें और पूरे विजन के साथ भविष्य की योजना बनाएं, सफलता खुद कदम चूमेगी।”
कार्यक्रम में वित्त मंत्री मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, जबकि राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
भारत माता की जय से शुरू हुआ संवाद, संघर्ष की कहानी ने छू लिया दिल
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की जयघोष के साथ युवाओं से संवाद शुरू किया। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक के संघर्ष भरे सफर को साझा करते हुए कहा कि
“अगर कुछ बनने की ठान ली जाए, तो आभाव और विपरीत परिस्थितियां भी रास्ता नहीं रोक पातीं।”
उन्होंने कहा कि युवा परिवर्तन के वाहक होते हैं। जिस क्षेत्र में जुनून हो, वहां सफलता तय है। युवाओं को केवल डिग्री इकट्ठा करने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की स्पष्ट योजना के साथ पढ़ाई करनी चाहिए।
आलोचना नहीं, आत्मविश्वास रखें… यही जीत की कुंजी
वित्त मंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आलोचनाओं को दिल से निकाल दें और कठिन परिस्थितियों में भी उम्मीद बनाए रखें।
उन्होंने कहा—
“खराब हालात में भी जो उम्मीद नहीं छोड़ता, वही हर परिस्थिति को जीतता है।”
उन्होंने बताया कि आज का भारत संभावनाओं से भरा हुआ है। शिक्षा, खेल, निजी क्षेत्र और स्टार्टअप—हर जगह युवाओं के लिए असीम अवसर हैं। केवल सरकारी नौकरी ही सफलता या समाज सेवा का माध्यम नहीं है।
2047 तक विकसित भारत का सपना और बजट 2026-27
ओपी चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और 2047 तक 30–40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय बजट 2026-27 में एआई, रेयर अर्थ, रेलवे, आयुष, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों पर संतुलित फोकस किया गया है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार किया जा सके।
युवा शक्ति बनेगी देश की इंजन : टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह बजट सिर्फ 2026-27 का नहीं, बल्कि 2047 तक विकसित भारत की नींव है।
उन्होंने कहा—
“देश युवा शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है और यही युवा भारत के विकास की इंजन बनेंगे।”
उन्होंने बजट को युवाओं के लिए गेम चेंजर बताया।
रोजगार, सम्मान और नई शुरुआत
कार्यक्रम में ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही जिले की 10 नव नियुक्त महिला आरक्षक, मल्लखंब के 3 और क्रिकेट के 2 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, अखिलेश सोनी और जिला अध्यक्ष आनंद यादव ने भी संबोधित किया।


