PM मोदी की रायपुर में सभा से पहले बड़ा हादसा, कार्यकर्ताओं को ले जा रही बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत; तीन की हालत गंभीर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सूरजपुर से जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी एक बस एनएच-30 पर ट्रेलर से टकरा गई। इस हादसे में बस सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दर्जनभर से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ट्वीट कर हादसे पर शोक जताया है। गंभीर रूप से घायलों को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान रायपुर के साइंस कॉलेज में एक जनसभा का आयोजन किया गया है। इस जनसभा में शामिल होने के लिए बीती रात सूरजपुर जिले के विश्रामपुर क्षेत्र से भाजपा मंडल अध्यक्ष लीलू गुप्ता के साथ करीब 50 की संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता रायपुर के लिए रॉयल बस से रवाना हुए। बस अंबिकापुर से होकर एनएच 30 से रायपुर के लिए जा रही थी। बस करीब 4.30 बजे बिलासपुर के पास बेल्थरा पहुंची। तेज रफ्तार होने के चलते बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई।
हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस में सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दर्जनभर अन्य सवार घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को 108 व 112 की टीम की मदद से अपोलो एवं सिम्स बिलासपुर अस्पतालों में पहुंचाया गया। घायलों में बिश्रामपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष लीलू गुप्ता व ग्राम पंचायत तेलईकछार के उपसरपंच विशंभर यादव सहित एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता की हालत गंभीर है। तीनों को बिलासपुर अपोलो में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को सिम्स में भी भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर केंद्रीय राज्यमंत्री व सरगुजा सांसद रेणुका सिंह ने तत्काल मौके से घायलों को स्वास्थ्य लाभ दिलवाने उन्हें अस्पताल भिजवाने की पहल की और डॉक्टरों से पूरा अपडेट लेते हुए बेहतर इलाड किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख सहायता राशि देंगे
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर हादसे में मृत लोगों की आत्मा की शांति व परिजनों के लिए संवेदना व्यक्त की है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की मुख्यमंत्री ने कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि देने की भी घोषणा की है।


