छत्तीसगढ़

रायपुर में शूट होगी बड़ी बॉलीवुड फिल्म:शादी में जरूर आना की डायरेक्टर रत्ना सिन्हा देख रही हैं लोकेशन्स, मशहूर एक्टर-एक्ट्रेस निभाएंगे रोल

रायपुर में जल्द ही एक पूरी बॉलीवुड फिल्म शूट होने जा रही है। अब तक बहुत से बॉलीवुड फिल्मों के और वेब सीरीज के प्रोजेक्ट रायपुर और छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में शूट किए गए मगर यह पहला मौका होगा जब कोई फिल्म पूरी तरह से रायपुर में ही शूट की जाएगी। मुंबई से फिल्मेकर्स और प्रोडक्शन टीम इन दिनों रायपुर पहुंची हुई है और अलग-अलग लोकेशंस का मुआयना कर रही है।

इस बॉलीवुड फिल्म के निर्माण से फिल्मकेकर रत्ना सिन्हा जुड़ी हुई हैं, चर्चा है कि वह इस फिल्म की प्रोड्यूसर होंगी। रत्ना सिन्हा के निर्देशन में बनी फिल्म शादी में जरूर आना… चर्चा में रही थी। रायपुर के अपने इस दौरे के बीच रत्ना सिन्हा ने दैनिक भास्कर से अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर खास चर्चा की।

आशिकों के IAS बनने की कहानी
रत्ना सिन्हा ने बताया कि फिल्म शादी में जरूर आना को काफी पसंद किया गया। लगभग सभी लोगों ने इस फिल्म को देखा और सराहा। आज भी जब टीवी पर आती है तो रिस्पॉन्स अच्छा होता है। रत्ना ने बताया कि इस फिल्म को देखने के बाद बहुत से आशिक आईएएस की तैयारी में लग गए और अफसर बने। बहुत से युवा मिलते हैं तो खुद मुस्कुरा कर अपनी कहानी बताते हैं।

ये भी कहते हैं कि दिल टूटने के बाद उन्होंने जब यह फिल्म देखी तो यूपीएससी की तैयारी के लिए इंस्पायर हुए और अधिकारी बनने का ख्वाब पूरा किया। मजाक में कुछ लोग यह भी कहते हैं कि प्यार में दिल टूटे तो कबीर सिंह मत बनना सत्येंद्र बनना, यानी कि मैसेज यह है कि अपनी लाइफ को हम बर्बाद ना करें बल्कि जीवन के हर मोड़ पर सकारात्मक प्रयास से खुद को बेहतर बनाएं। तो हम वैसी ही एक फिल्म पर इस वक्त काम कर रहे हैं जो शादी में जरूर आना की तरह सभी वर्ग को पसंद आए। इसे रायपुर में शूट करेंगे।

देखी लोकेशंस
रायपुर, धमतरी, दुर्ग, भिलाई के आसपास के लोकेशंस में रत्ना सिन्हा अपनी अगली फिल्म को शूट करने का प्लान बना चुकी हैं । दैनिक भास्कर से उन्होंने कहा कि इस फिल्म में रायपुर को रायपुर शहर ही दिखाया जाएगा । इससे पहले कुछ बॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में रायपुर को मुंबई या उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों के तौर पर फिल्माया गया था। फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी शामिल किया जाएगा । रायपुर के शहरी माहौल को दिखाते हुए फिल्म की कहानी आगे बढ़ेगी।

रत्ना सिन्हा ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार गौरव द्विवेदी से संपर्क के बाद रायपुर की अच्छी लोकेशन की जानकारी मिली, यहां की फिल्म पॉलिसी की वजह से हमें शूटिंग करने में आसानी रहेगी जाे कि बतौर मेकर हमारे लिए अच्छी बात है। हमने यहीं पर फिल्मांकन का विचार किया। हमने कुछ बांध, बड़े मंदिर, मॉल और रायपुर के कुछ हाउसिंग प्रोजेक्ट को देखा है जहां हमें हमारी कहानी के मुताबिक लोकेशंस मिली है।

यह कलाकार हो सकते हैं फिल्म में
फिल्म में अक्षय ओबराय, आदिल खान, आकांक्षा सिंह जैसे सितारों को लिए जाने की चर्चा है। ये एक्टर्स इस कहानी में अलग-अलग किरदार निभाते दिख सकते हैं। हालांकि की फिल्म की कास्टिंग जारी है और जल्द ही स्टारकास्ट को फाइनल कर लिया जाएगा। फिल्म में स्थानीय कलाकारों को भी लिया जाएगा खास बात यह है कि इस फिल्म में किरदारों के नाम और सरनेम छत्तीसगढ़िया अंदाज के ही होंगे जैसे वर्मा चंद्राकर साहू वगैरह।

और भी फिल्ममेकर आएंगे रायपुर

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार गौरव द्विवेदी ने बताया कि प्रदेश में बड़े सिनेमा मेकर्स को भी शूटिंग लोकेशंस आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है । नई फिल्म नीति में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सहयोग सिनेमा मेकर्स को मिल रहा है। प्रदेश सरकार इस मामले में उदार नीति अपनाए हुए हैं ऐसे में आने वाले समय में और भी फिल्म मेकर्स रायपुर पहुंचेंगे। सिनेमा के पर्दे पर जिस तरह पिछले कुछ सालों में उत्तर प्रदेश को दिखाया गया क्योंकि वहां फिल्मों की शूटिंग अधिक हुई उसी प्रकार छत्तीसगढ़ को भी पहचान मिले और इसे भी सिनेमाई पर्दे पर दिखाया जाए ऐसा प्रयास जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button