छत्तीसगढ़

BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जगदलपुर पहुंचे:मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर किए दर्शन,कोर कमेटी की बैठक जारी, कुछ ही देर में जनसभा को करेंगे संबोधित

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की। इसके बाद भाजपा कोर कमेटी की बैठक ले रहे हैं। कुछ ही देर में लाल बाग मैदान में आयोजित आम सभा को संबोधित करेंगे। जेपी नड्डा के साथ छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, समेत केंद्र से लेकर राज्य के कई दिग्गज नेता भी मौजूद हैं।

टिकट पर हो सकती है चर्चा

बताया जा रहा है कि, कोर कमेटी की बैठक में बस्तर की 12 विधानसभा सीटों में जीत दर्ज करने पर रणनीति बनेगी। साथ ही टिकट पर चर्चा की जाएगी। बस्तर में भाजपा के जो नेता चुनाव के लिए दावेदारी कर रहे हैं राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनका रिपोर्ट कार्ड सौंपा जाएगा। जिसका मंथन करने के बाद ही आने वाले चुनाव में टिकट फाइनल की जाएगी। जेपी नड्डा का यह प्रवास भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्व बताया जा रहा है।

बस्तर में इसलिए फोकस

ऐसा माना जाता है कि, किसी भी राजनीतिक पार्टी को CG में अपनी सरकार बनानी हो तो सत्ता का रास्ता बस्तर से ही निकलता है। बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों पर कोई भी पार्टी जीत दर्ज करती है तो सत्ता की कुर्सी पर बैठना आसान हो जाता है। वर्तमान में बस्तर की सारी 12 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा जमाकर रखा है। अब भाजपा के लिए बस्तर की सारी सीटों पर कब्जा जमाना एक बड़ी चुनौती होगी। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बस्तर प्रवास बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे बस्तर की सीटों पर फतह हासिल करने कार्यकर्ताओं को चुनावी मंत्र देंगे।

यह भी जानिए

छत्तीसगढ़ के बस्तर का राजनीतिक इतिहास काफी दिलचस्प रहा है। एक समय में यहां भाजपा के बलिराम कश्यप और कांग्रेस के महेंद्र कर्मा इन दोनों दिग्गज नेताओं का बड़ा नाम था। हालांकि, इन दोनों के निधन के बाद अब इलाके में कवासी लखमा का दबदबा भी देखने को मिलता है। साल 2011 में बलिराम कश्यप की मौत के बाद बस्तर में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। यही वजह है कि कभी बस्तर की 12 विधानसभा सीटों में लगभग 10 सीटों पर अपनी पकड़ बनाने वाली भाजपा का अब सूपड़ा साफ हो गया है। इसी वजह से अब राष्ट्रीय स्तर के भाजपा नेताओं को बस्तर में चिंतन शिविर भी करना पड़ा था।

इधर बस्तर को महेंद्र कर्मा का गढ़ भी कहा जाता था। बलिराम कश्यप के साथ महेंद्र कर्मा एक ऐसे नेता थे जिनकी पकड़ इलाके में काफी बजबूत थी। हालांकि, उस समय भी कांग्रेस को चुनाव में काफी उतार-चढ़ाव देखना पड़ा था। साल 2008 के विधानसभा चुनाव में दंतेवाड़ा विधानसभा सीट से भाजपा ने महेंद्र कर्मा के सामने भीमा मंडावी को उतारा था। भीमा ने चुनाव जीत कर सीट अपने कब्जे में कर ली थी। वर्तमान में महेंद्र कर्मा की पत्नी देवती कर्मा इसी सीट से MLA है।

इस साल होगा विधानसभा चुनाव

छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दल प्रदेश में अपनी सरकार बनाने की तैयारियों में जुट गए हैं। पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक पार्टी के दिग्गज नेता CG के विभिन्न मुख्य विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी कर रहे हैं।

The Alarm 24
0
0

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button