दिल्ली विधानसभा में 27 फरवरी को पेश होगी CAG रिपोर्ट, 25 फरवरी को स्पीकर का चुनाव

CAG Report in Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा में 27 फरवरी को नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश होगी। इससे पहले 25 फरवरी को दिल्ली के स्पीकर का चुनाव होगा। उसी दिन उप-राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
गुरुवार को दिल्ली में सरकार गठन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में बीजेपी की पहली कैबिनेट बैठक सचिवालय में हुई थी। इसमें आयुष्मान योजना को मंजूरी दे दी गई साथ ही दिल्ली विधानसभा के पहले सत्र में सीएजी की 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश करने को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी थी।
सीएजी की सभी 14 लंबित रिपोर्ट पेश होगी
पहली कैबिनेट बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हमने दो मुख्य एजेंडा पर फोकस किया, पहला दिल्ली में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी आयुष्मान योजना को लागू किया जाएगा, जिसे पहले की आम आदमी पार्टी सरकार ने रोक रखा था, वहीं सीएजी की सभी 14 लंबित रिपोर्ट को दिल्ली विधानसभा के सत्र में हम सदन के पटल पर रखेंगे जिसे पहले की सरकार ने रोक रखा था।
दिल्ली हाई कोर्ट ने की थी सख्त टिप्पणी
बता दें कि 13 जनवरी 2025 को सीएजी रिपोर्ट पर आम आदमी पार्टी (AAP) की हीला हवाली पर दिल्ली हाई कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की थी। कोर्ट ने कहा कि ‘सीएजी की रिपोर्ट पर कार्रवाई में विलंब होने और इस मामले में जिस तरह से आप आगे बढ़े हैं, उससे आपकी ईमानदारी पर संदेह पैदा होता है। होना यह चाहिए था कि कैग की रिपोर्ट आप तुरंत स्पीकर को भेजते और इस पर चर्चा शुरू कराते।’ बता दें कि कैग की रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों दिल्ली सरकार पर हमलावर रही थीं।


