एक दीवार ने ले ली मजदूर की जान! अब स्टील कंपनी के मालिकों पर FIR, जांच में खुली बड़ी लापरवाही
रायगढ़ के पूंजीपथरा स्थित लेबर क्वार्टर हादसे में महिला मजदूर की मौत के बाद कंपनी संचालकों पर केस दर्ज, बिना सुरक्षा मानकों के निर्माण का आरोप

रायगढ़, 28 जून 2026। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र स्थित श्री रूपेश स्टील कंपनी के लेबर क्वार्टर में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में पुलिस ने कंपनी के दो संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मर्ग जांच के दौरान निर्माण में लापरवाही के तथ्य सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून को आंधी-तूफान और तेज बारिश के दौरान कंपनी परिसर के पास स्थित बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार का मलबा सीधे लेबर क्वार्टर पर गिरने से वहां रह रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे में मजदूर रंभा यादव (30) निवासी पहाड़ लुडेग, थाना लैलूंगा, सुनील परमार और उनकी पत्नी रिंकी डेलकी गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रंभा यादव की मौत हो गई। वहीं, सुनील परमार और रिंकी डेलकी का अस्पताल में उपचार जारी है।
थाना पूंजीपथरा में दर्ज मर्ग की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ओम श्री रूपेश स्टील कंपनी के संचालक दयानंद अग्रवाल और शंकर अग्रवाल ने अपने क्रेशर प्लांट परिसर में महालक्ष्मी कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड की बाउंड्री वॉल से सटाकर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए लेबर क्वार्टर का निर्माण कराया था।
प्रारंभिक जांच में निर्माण संबंधी लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 125(ए) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तकनीकी और कानूनी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
