CG Election 2023: छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर को युवाओं से मिलेंगे राहुल गांधी, CM भूपेश बघेल ने बताया खास दिन
RAHUL GANDHI CHHATTISGARH: कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवाओं के साथ संवाद करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राजीव युवा मितान क्लब से जुड़े छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए 2 सितंबर का दिन बेहद महत्वपूर्ण रहेगा।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं से सीधे तौर पर रूबरू होंगे। युवा राहुल गांधी से अपनी बात कहेंगे। योजनाओं के संबंध में अपने अनुभव भी साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री बघेल रविवार को अल्प प्रवास पर बिलासपुर पहुंचे। शाम पांच बजे उनका हेलीकाप्टर सकरी स्थित जैन इंटरनेशनल स्कूल हेलीपेड पर उतरा। यहां कांग्रेसी नेताओं ने उनका स्वागत किया। पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो सितंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राजीव युवा मितान क्लब के पदाधिकारियों से मिलेंगे।
छत्तीसगढ़ ऐसा राज्य है जहां राजीव युवा मितान क्लब का गठन किया है। क्लब के जरिये गांव-गांव व शहरों में युवाओं को जोड़ने और सकारात्मक गतिविधियों में उनकी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग किया जा रहा है। लंबे समय से जुड़े युवाओं से राहुल गांधी चर्चा करेंगे। राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर युवा अपने अनुभव भी शेयर करेंगे। बातचीत जे दौरान तखतपुर की विधायक व संसदीय सचिव रश्मि सिंह, बिलासपुर विधायक शैलेष पांडेय उनके साथ थे। सीएम ने चुटकी ली और कहा कि युवा सम्मेलन में रश्मि और शैलेष दोनों रहेंगे।
चर्चा के बाद सीएम बघेल उसलापुर स्थित अपने परिचित के घर पूजा के लिए रवाना हुए। इस दौरान किसी को उनके साथ जाने की अनुमति नहीं थी। लिहाज सभी नेता उनके वापस आने का इंतजार करते रहे।
पूजा के बाद सीएम बघेल सड़क मार्ग से रायपुर के लिए रवाना हुए। कांग्रेस नेताओं से वाहन में बैठे-बैठे बात की। अटल श्रीवास्तव को बैठने का इशारा किया। अटल सीएम के साथ बैठकर सरगांव टोल प्लाजा तक गए। टोल प्लाजा से समर्थकों के साथ वापस बिलासपुर लौट आये। सीएम रायपुर के लिए रवाना हो गए।
सीएम जब हेलीपेड में पत्रकारों से चर्चा जर रहे थी उसी दौरान सांप निकल गया। सुरक्षा कर्मी मारने के लिए दौड़े। सीएम ने सांप को मारने से मना किया और कहा कि पिटपिटिया सांप है। बचपन में हम इससे खूब खेला करते थे। इसके बाद उन्होंने खुद ही सांप को भगाया।

