छत्तीसगढ़

रिजल्ट से पहले बढ़ी धड़कनें… आज दोपहर खुलेगा लाखों छात्रों की किस्मत का सबसे बड़ा राज

पेपर लीक के साए में देरी से आ रहा छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं का परिणाम, कुछ ही घंटों में होगा बड़ा खुलासा


रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए आज का दिन बेहद अहम साबित होने वाला है। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के बीच अब वह घड़ी आ चुकी है, जब छात्रों की मेहनत का फैसला सामने आएगा। आज दोपहर 2:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन के कक्ष क्रमांक S-2-12 में परीक्षा परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए जाएंगे।

इस साल बोर्ड परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं, लेकिन बीच में सामने आए हिंदी पेपर लीक कांड ने पूरे सिस्टम को हिला कर रख दिया था। 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा कराई गई, जिसके कारण रिजल्ट में देरी हुई और छात्रों की बेचैनी लगातार बढ़ती रही। अब आखिरकार आज उस इंतजार का अंत होने जा रहा है।

इस बार हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) में 3,20,535 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जबकि हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में 2,45,785 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है। बड़ी संख्या में छात्र विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि यही रिजल्ट उनके अगले कदम का रास्ता तय करेगा।

पिछले साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 7 मई 2025 को घोषित परिणाम में कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% रहा था, जबकि कक्षा 12वीं में 82.25% छात्र सफल हुए थे। ऐसे में इस बार सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या रिजल्ट पिछली बार से बेहतर रहेगा या कोई चौंकाने वाला बदलाव सामने आएगा।

रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें होमपेज पर दिए गए 10वीं या 12वीं के रिजल्ट लिंक पर क्लिक करना होगा और अपना रोल नंबर, जन्मतिथि व कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर मार्कशीट दिखाई देगी, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।

इसके अलावा छात्र एसएमएस के जरिए भी अपना रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं। 12वीं के लिए मोबाइल पर CG12 लिखकर अपना रोल नंबर टाइप करें और 56263 पर भेज दें, जबकि 10वीं के लिए CG10 के साथ रोल नंबर लिखकर उसी नंबर पर भेजना होगा।

अब कुछ ही घंटों में वह सच्चाई सामने आने वाली है, जो लाखों छात्रों की मेहनत, उम्मीद और भविष्य से जुड़ी है।

 

Related Articles

Back to top button