एक ही दिन, तीन लाशें… कहीं जली हुई बॉडी, कहीं नहर में मासूम, तो कहीं पेड़ पर झूलता सच
छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आईं खौफनाक मौतें—हर घटना अपने पीछे छोड़ गई कई अनसुलझे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक ही दिन तीन अलग-अलग जिलों से आई दर्दनाक घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। कहीं एक युवक की जली हुई लाश मिली, तो कहीं नहर में बहकर गई मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ, वहीं एक अन्य युवक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले का है, जहां चार दिन से लापता युवक की लाश खेत में जली हुई हालत में मिली है। बताया जा रहा है कि युवक 25 अप्रैल को पंतोरा इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। अब उसकी जली हुई लाश मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पंतोरा उपथाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दूसरी दर्दनाक घटना बालोद जिले से सामने आई है, जहां तांदूला नहर में बहने वाली एक मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार बच्ची अपने पिता के साथ नहाने गई थी, तभी अचानक तेज बहाव में दोनों बह गए। रेस्क्यू टीम ने पहले ही पिता का शव बरामद कर लिया था, जबकि अब बच्ची का शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
तीसरी घटना बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र के चोरभट्ठी की है, जहां एक युवक की लाश पेड़ पर फंदे से लटकी हुई मिली। मृतक की पहचान चोरभट्ठी कला निवासी सतीश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर से मामा के गांव जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन बाद में उसकी लाश इस हालत में मिली। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मामले की जांच जारी है।
तीनों घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—कहीं हादसा, कहीं आत्महत्या या फिर इसके पीछे कोई और साजिश? जवाब फिलहाल जांच के घेरे में हैं, लेकिन इन मौतों ने लोगों के दिलों में डर और बेचैनी जरूर भर दी है।

