सीएम साय ने जापान की बुलेट ट्रेन से किया टोक्यो से ओसाका तक हाई-स्पीड सफर, छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर की चर्चा
टोक्यो में बस्तर के अविनाश तिवारी से भेंट, जापान से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को लेकर अहम बातचीत

रायपुर/जापान। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान के दौरे के दौरान विश्व प्रसिद्ध बुलेट ट्रेन में टोक्यो से ओसाका तक का हाई-स्पीड सफर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत भी बुलेट ट्रेन परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। सीएम साय ने वंदे भारत ट्रेन को देश की प्रगति और आधुनिकता की नई पहचान बताया।
जापान प्रवास के दौरान, मुख्यमंत्री साय ने टोक्यो में BOYES & MOORES INTERNATIONAL COMPANY के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर और बस्तर के होनहार अविनाश तिवारी से सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। अविनाश तिवारी, जो बस्तर के तोकापाल क्षेत्र से हैं और नवोदय विद्यालय बारसूर के पूर्व छात्र हैं, जापान की प्रतिष्ठित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत हैं।
इस मुलाकात में छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश और उद्योग स्थापना की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने राज्य की निवेश-अनुकूल नीतियों, मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना और निवेशकों को मिलने वाले सहयोग की जानकारी दी। उन्होंने भरोसा जताया कि ऐसे युवा, जो बस्तर की धरती से निकलकर वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना चुके हैं, प्रदेश में उद्योग और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीएम साय ने यह भी कहा कि बस्तर के युवा विश्व स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं, जो राज्य के विकास के लिए गर्व की बात है।

