मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पटवारियों का प्रदर्शन, तिरंगा यात्रा लेकर CM आवास की ओर बढ़े, पुलिस के रोकने पर हुए उग्र
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी में भोपाल में वेतनमान विसंगति दूर करने, वेतनवृद्धि और पदवृद्धि जैसी मांगों को लेकर पिछले 3 दिन से सामूहिक अवकाश पर रहने वाले पटवारियों ने शनिवार को आंदोलन का मार्ग अख्तियार कर लिया।
प्रदेशभर के पटवारी भोपाल में एकत्रित हुए तथा यहां पर अटल पथ से तिरंगा यात्रा निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ कूच किया। किन्तु पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। इससे प्रदर्शनकारी पटवारी उग्र हो गए तथा उन्होंने शासन के खिलाफ नारेबाजी आरम्भ कर दी।
बता दें कि पटवारियों की यह तिरंगा यात्रा प्रातः लगभग 11 बजे बाद आरम्भ हुई। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह बघेल ने कहा कि हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलकर उनके समक्ष अपनी मांगें रखना चाहते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर के पटवारी 28 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

