स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में गूंजा ज्ञानेश्वरी यादव का नाम! वीडियो कॉल पर जुड़ीं सिल्वर मेडलिस्ट, पूरा हॉल खड़ा होकर बजाने लगा तालियां
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव से डिप्टी CM अरुण साव ने की लाइव बातचीत, खिलाड़ियों और विशेषज्ञों ने दिया सम्मान

रायपुर: राजधानी रायपुर में आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के दौरान एक भावुक और गौरवपूर्ण पल देखने को मिला, जब ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली ज्ञानेश्वरी यादव वीडियो कॉल के जरिए कार्यक्रम से जुड़ीं। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने उन्हें कॉन्क्लेव की झलक दिखाई। जैसे ही ज्ञानेश्वरी स्क्रीन पर नजर आईं, पूरे सभागार में मौजूद लोगों ने खड़े होकर तालियां बजाते हुए उनका जोरदार स्वागत और सम्मान किया।
वीडियो कॉल पर जुड़ीं, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा
कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ग्लासगो से वीडियो कॉल के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ीं। डिप्टी CM अरुण साव ने उन्हें कॉन्क्लेव में मौजूद खिलाड़ियों, खेल विशेषज्ञों और अतिथियों से रूबरू कराया। उनकी उपलब्धि पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
ज्ञानेश्वरी बोलीं— ‘यह सफलता आप सभी के आशीर्वाद का परिणाम है’
वीडियो कॉल के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित हो रहे स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे वर्षों की मेहनत, सभी का सहयोग और प्रदेशवासियों का आशीर्वाद है।
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देगा।
कॉमनवेल्थ में सिल्वर जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान
ज्ञानेश्वरी यादव ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। खेल जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने भी उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें आने वाली प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं ज्ञानेश्वरी
स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि लगन, अनुशासन और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
