छत्तीसगढ़ को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात! अब यहीं तैयार होंगे हार्ट के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर
डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की 2 सीट मिलने पर चिकित्सकों और मेडिकल छात्राओं ने CM विष्णुदेव साय से की मुलाकात, बेहतर इलाज का मिलेगा फायदा

रायपुर। छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि मिली है। प्रदेश को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट (हार्ट स्पेशलिस्ट) की 2 सीटें मिलने पर चिकित्सक संगठन और मेडिकल छात्राओं ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ लगातार काम कर रही है, ताकि प्रदेश के लोगों को आसानी से बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मेडिकल शिक्षा में बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश में सिर्फ एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था, जिसमें करीब 100 से 150 सीटें थीं।
आज स्थिति बदल चुकी है और प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जिनमें लगभग 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा फिजियोथेरेपी, नर्सिंग और अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थान भी स्थापित किए गए हैं, जिनसे प्रदेश के विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है।
नवा रायपुर में बन रही मेडिको सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि नवा रायपुर में मेडिको सिटी की स्थापना की जा रही है, जहां बड़े-बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल स्थापित होंगे। इससे प्रदेश के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत भी कम होगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की 2 सीटें प्रदान किए जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में हार्ट से जुड़ी बीमारियों के इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता में बड़ा सुधार होगा।

