क्राइमछत्तीसगढ़

चौक में कार से चल रहा था नशे का खेल, अचानक घेराबंदी में फंसे आरोपी, एक फरार ने बढ़ाया रहस्य

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा बेचते रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी


रायगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती लगातार तेज होती जा रही है। “ऑपरेशन आघात” के तहत की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई में पुलिस ने चौक में कार के भीतर गांजा बेच रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और थाना पुसौर पुलिस द्वारा की गई। 23 अप्रैल को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह महुआ चौक पठान कॉलोनी के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी। सूचना थी कि कुछ लोग आई20 कार में बैठकर गांजा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों खिरोधर यादव (जिला जशपुर) और पुरुषोत्तम यादव (ग्राम तुमीडीह) को पकड़ लिया। हालांकि एक आरोपी कार क्रमांक CG13BH5917 लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे मामले में सस्पेंस और बढ़ गया है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो थैलों में कुल 2.728 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 24,500 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 5,000 रुपये नगद भी जब्त किए गए। कुल 29,500 रुपये की जप्ती करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

वहीं “ऑपरेशन आघात” के तहत 25 अप्रैल को थाना पुसौर पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम औरदा डीपापारा चौक में एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा। 71 वर्षीय साधराम सिदार को गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार करते हुए गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आरोपी के पास से 745 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 7,450 रुपये बताई गई है।

पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्ती से अमल किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितनी भी चालाकी क्यों न बरत ले।

Related Articles

Back to top button