छत्तीसगढ़

दुर्ग जिला अस्पताल: टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर डांस… फिर वायरल हुई रील! जिला अस्पताल की लैब में महिला टेक्नीशियनों का वीडियो पड़ा भारी, तीनों बर्खास्त

ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर बना रही थीं रील, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप; जांच के बाद HLL ने तीनों को सेवा से हटाया

 

दुर्ग। जिला अस्पताल दुर्ग की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच की गई और अब HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला टेक्नीशियनों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

बताया जा रहा है कि तीनों महिला कर्मचारी ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाती नजर आई थीं। एक वीडियो में एक महिला टेक्नीशियन टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर डांस करती दिखाई दी, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर रील बनाई गई थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों की ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे।

24 अगस्त को बनाई थी रील, पांच दिन बाद वायरल हुआ वीडियो

जानकारी के मुताबिक, तीनों महिला टेक्नीशियनों ने 24 अगस्त को लैब के अंदर वीडियो बनाया था। यह वीडियो करीब पांच दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला अस्पताल प्रबंधन के संज्ञान में आया।

वीडियो सामने आने के बाद जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने लैब प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के समय लैब के अंदर वीडियो कैसे बनाया गया और उस दौरान कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।

लैब प्रभारी से मांगा गया जवाब

मामले की गंभीरता को देखते हुए लैब प्रभारी से पूरे घटनाक्रम को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया। जांच में ड्यूटी के दौरान तीनों महिला टेक्नीशियनों द्वारा लैब के अंदर रील बनाए जाने की बात सामने आई।

इसके बाद लैब इंचार्ज की ओर से संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा गया।

जांच के बाद तीनों पर गिरी गाज

जांच और जवाब की प्रक्रिया पूरी होने के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला टेक्नीशियनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से ड्यूटी के दौरान इस तरह की लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है। खासकर अस्पताल की लैब जैसी संवेदनशील जगह पर कर्मचारियों द्वारा काम के समय वीडियो बनाना और सोशल मीडिया के लिए रील तैयार करना सवालों के घेरे में आया था।

वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ मामला आखिरकार तीन महिला टेक्नीशियनों की नौकरी जाने तक पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button