छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् बोर्ड का परीक्षा परिणाम जारी, मंत्री प्रेमसाय ने शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच घोषित किए नतीजे

रायपुर. स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शनिवार को अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामंडलम् बोर्ड द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षा वर्ष 2022-23 का परिणाम घोषित किया. पूर्व मध्यमा प्रथम और द्वितीय वर्ष समेत उत्तर मध्यमा प्रथम और द्वितीय वर्ष (हाई स्कूल कक्षा 9वीं, 10वीं, हायर सेकेंडरी कक्षा 11वीं, और 12वीं) की मुख्य परीक्षा में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम 98.34 प्रतिशत रहा. शंखनाद वेदमंत्रों के उच्चारण के साथ अतिथियों द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित किया गया.

स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. टेकाम ने परीक्षा में उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी को कहा कि वे निराश ना हों, फिर से मेहनत कर पढ़ाई करें, उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी. मंत्री डॉ. टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार संस्कृत के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. स्वामी आत्मानंद स्कूलों में संस्कृत विषय की पढ़ाई के लिए शिक्षकों की भर्ती की जा रही है.

97.87 प्रतिशत रहा परिणाम

मंत्री डॉ. टेकाम ने परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए बताया कि कक्षा पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष 9वीं में शामिल 847 परीक्षार्थियों में से 829 उत्तीर्ण हुए और परीक्षा परिणाम 97.87 प्रतिशत रहा. इसमें 519 छात्र और 310 छात्राएं उत्तीर्ण हुई. कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष 10वीं में शामिल 627 परीक्षार्थियों में से 622 उत्तीर्ण हुए और परीक्षा परिणाम 99.20 प्रतिशत रहा. इसमें 342 छात्र और 280 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं. इसी तरह कक्षा उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष 11वीं में शामिल 724 परीक्षार्थियों में से 710 उत्तीर्ण हुए और परीक्षा परिणाम 98.34 प्रतिशत रहा. इसमें 413 छात्र और 297 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं. कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष 12वीं में शामिल 750 परीक्षार्थियों में से 738 उत्तीर्ण हुए और परीक्षा परिणाम 98.40 प्रतिशत रहा. इसमें 429 छात्र और 309 छात्राएं उत्तीर्ण हुई. इस प्रकार संस्कृत बोर्ड की परीक्षा में शामिल 2948 परीक्षार्थियों में से 2899 उत्तीर्ण हुए. इसमें 1703 छात्र और 1196 छात्राएं शामिल है. प्रथम श्रेणी में 1881, द्वितीय श्रेणी में 956 और तृतीय श्रेणी में 62 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए है. 28 परीक्षार्थियों को पूरक और 21 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button