बिहार के रोहतास में भीषण आग से परिवार खत्म, चार बच्चों समेत 7 लोग जिंदा जले

बिहार के रोहतास जिले में कच्छवां थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में मंगलवार दोपहर फूस से बने घर में अचानक आग लग जाने से एक ही परिवार के सात लोग जिंदा जल गए। हादसे में सभी की दर्दनाक मौत हो गई। एक महिला भी बुरी तरह झुलस गई। मरने वालों में पांच बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से एक महिला गर्भवती बताई जा रही है। सभी लोग भोजपुर जिले के रहने वाले थे और मजदूरी के सिलसिले में इब्राहिमपुर में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर 1.30 बजे देवराज चौधरी के घर में खाना बन रहा था। घर के अन्य सदस्य कामकाज को लेकर बाहर गए थे। घटना के समय घर में दो महिलाएं पुष्पा देवी और उसकी ननद माया देवी और पांच बच्चे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी देवराज की झोपड़ी पर गिर पड़ी और आग लग गई। आग घर के दरवाजे की तरफ लगने के कारण कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकल सका और सभी जिंदा जल गए।
मृतकों में पुष्पा देवी (30 वर्ष) पति देवराज चौधरी के अलावा उनके बेटे-बेटियों में बजरंगी कुमार (6 वर्ष), शिवानी कुमारी (8 वर्ष), काजल कुमारी (4 वर्ष), गुड़िया कुमारी (1 वर्ष) शामिल हैं। सभी भोजपुर जिले में जगदीशपुर थाना इलाके के बड़हर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं कांति कुमारी (6 वर्ष) पिता शामा चौधरी ग्राम रामनगर थाना तरारी जिला भोजपुर, व माया देवी (25 वर्ष) पति दीपक चौधरी ग्राम लेमाद्रा थाना विशावदर जिला जूनागढ़ (गुजरात) की भी मौत हो गई। सभी फूस की मड़ई में इब्राहिमपुर पुल के पास रहते थे। मृतका माया देवी सात माह की गर्भवती थी। माया देवी पुष्पा देवी की ननद थी।
आग बुझाने में पड़ोसन झुलसी
आग बुझाने के क्रम में गंभीर रूप से जख्मी पड़ोसन राजू देवी पति शामा चौधरी ग्राम रामनगर थाना तरारी जिला भोजपुर का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना पर अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, आग की लपटें इतनी तेज थी कि मड़ई में मौजूद परिवार के सदस्यों को भागने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि घटना में सात लोगों की मौत हुई है। वहीं एक महिला घायल हुई है। जिसका इलाज चल रहा है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की जांच की जा रही है।
सीएम नीतीश ने जताया दुख
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम बयान जारी कर रोहतास हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह हादसा काफी दुखद था। इसमें मारे गए लोगों के परिजन के प्रति उनकी संवेदना है।



