छत्तीसगढ़ आबकारी में ED का डर : आबकारी सचिव और विशेष सचिव के साथ सीएम से मिले विभाग के अधिकारी, प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
रायपुर. छत्तीसगढ़ के आबकारी अधिकारियों ने सोमवार को सीएम हाउस में सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात की और ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) द्वारा शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. आबकारी विभाग के सचिव निरंजन दास और विशेष सचिव एपी त्रिपाठी के नेतृत्व में आबकारी उपायुक्त और जिला आबकारी अधिकारियों के साथ दूसरे क्रम के अधिकारी भी पहुंचे थे. उन्होंने सीएम को 33 पेज का ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कोरे कागज पर जबर्दस्ती दस्तखत कराने, अपने बयान में कुछ लोगों का नाम लेने के लिए दबाव डालने का आरोप शामिल है. आबकारी सचिव दास और विशेष सचिव त्रिपाठी ने अपने साथ घटी घटना का उल्लेख किया है. जानकारी के मुताबिक सीएम से मिलने वालों में 50 से ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी थे. सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि यह राजनीतिक कार्यवाही है, इसलिए डरने की जरूरत नहीं है.
अधिकारी-कर्मचारियों ने बताया कि 29 मार्च को ईडी की टीमों ने आबकारी विभाग के अधिकारियों व शराब कारोबारियों के यहां सुबह छापा मारा. 29 मार्च से 30 मार्च के सुबह तक अधिकारी और कारोबारियों के परिवार के सदस्यों को डराया धमकाया गया. इसके दौरान कुछ कागजात, मोबाइल व लैपटॉप जब्त किए गए. अगले दिन सुबह अधिकारियों और कारोबारियों को रायपुर ले जाया गया और पूछताछ के नाम पर मारपीट की गई. यह प्रक्रिया 31 मार्च को सुबह 7 बजे तक चली. डर के कारण अधिकारी और कारोबारियों ने ईडी के अधिकारियों ने जैसा चाहा, वैसा बयान दर्ज कराया. ईडी अधिकारियों ने पहले से ही टाइप किए गए दस्तावेज दिए थे, उस पर हस्ताक्षर करा लिए.


