शिवनंदनपुर को मिली बड़ी सौगात! शपथ ग्रहण मंच से मुख्यमंत्री का ऐलान, विकास की नई पटकथा लिखेंगे जनप्रतिनिधि
नगर पंचायत बनने के बाद पहली बड़ी घोषणा, मंगल भवन निर्माण की सौगात; हितग्राहियों को मिले आवास, ट्राइसाइकिल और आयुष्मान कार्ड

सूरजपुर। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में बुधवार को विकास और जनसेवा का नया अध्याय शुरू हुआ, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जैसा है। इससे क्षेत्र के सुनियोजित विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वार्ड क्रमांक 06 में एक सुसज्जित मंगल भवन के निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का उपस्थित नागरिकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ अपने प्रतिनिधियों को चुना है, उस विश्वास को बनाए रखना अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसमें जनप्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जनप्रतिनिधि शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनकर कार्य करें ताकि हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कॉल सेंटर का उपयोग कर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि सरकार शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद शिवनंदनपुर में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में बच्चों और माताओं के लिए तैयार किए जाने वाले पोषण आहार का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने पोषण सामग्री का अवलोकन कर इसकी सराहना की। इस दौरान तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
स्कूल शिक्षा विभाग के स्टॉल में विद्यार्थियों द्वारा तैयार सोलर सैनिटेशन किट सहित विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल और नवाचारों का प्रदर्शन किया गया, जिसकी मुख्यमंत्री ने विशेष सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। मत्स्य पालन योजना के तहत दो महिलाओं को आइस बॉक्स और छह-छह हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। वहीं आयुष्मान भारत योजना के पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और वरिष्ठ नागरिकों को वय वंदन कार्ड वितरित किए गए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पंचायत शिवनंदनपुर के इस पहले शपथ ग्रहण समारोह ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में क्षेत्र विकास, आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के नए दौर की ओर बढ़ने वाला है।

