दोस्त से फोन पर कर रहा था घूमने का प्लान, तभी आई तेज गड़गड़ाहट… कुछ देर बाद मिली युवराज की मौत की खबर
सत्य निकेतन हादसे ने दुर्ग के परिवार की खुशियां मातम में बदलीं; छुट्टियों के बाद तीन दिन पहले ही दिल्ली लौटा था 20 वर्षीय युवराज

नई दिल्ली/रायपुर। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रहता था।
हादसे से कुछ पल पहले दोस्त से हो रही थी बात
हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह है कि घटना से कुछ ही पल पहले युवराज अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। दोनों छुट्टियों के बाद मिलने पर साथ घूमने जाने की योजना बना रहे थे।
फोन पर बातचीत के दौरान अचानक आर्यन को तेज और भयावह गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी। इसके करीब एक मिनट बाद फोन कट गया। आर्यन को उम्मीद थी कि युवराज कुछ देर बाद दोबारा फोन करेगा, लेकिन हालात कुछ और ही थे।
इमारत गिरने की खबर मिली तो घटनास्थल पहुंचा दोस्त
कुछ देर बाद आर्यन को सत्य निकेतन में इमारत गिरने की जानकारी मिली। इसके बाद वह तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। मौके पर उस समय राहत और बचाव कार्य जारी था।
आर्यन ने युवराज की तलाश में कई जगह जानकारी जुटाई। काफी देर तक घटनास्थल और आसपास भटकने के बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर से युवराज की मौत की सूचना मिली।
जिस दोस्त के साथ कुछ देर पहले घूमने की योजना बन रही थी, उसी की मौत की खबर ने आर्यन को झकझोर कर रख दिया।
तीन दिन पहले ही दुर्ग से दिल्ली लौटा था युवराज
बताया जा रहा है कि युवराज छुट्टियों के बाद महज तीन दिन पहले ही दुर्ग स्थित अपने घर से दिल्ली लौटा था। पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहे युवराज और आर्यन बचपन से दोस्त थे और दोनों एक ही गांव से ताल्लुक रखते थे।
दिल्ली लौटने के बाद दोनों जल्द ही साथ घूमने जाने की योजना बना रहे थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह मुलाकात और भविष्य की योजनाएं इतनी जल्द एक दर्दनाक हादसे की भेंट चढ़ जाएंगी।
सत्य निकेतन हादसे में युवराज की मौत की खबर के बाद दुर्ग स्थित उसके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

