रायगढ़ में पति-पत्नी ने की बेटे की हत्याः फिर शव को गाड़ी में लादकर रोड़ किनारे फेंक दिया, पुलिस से बोले-बेटे का एक्सीडेंट हो गया…
रायगढ़। बेटे से विवाद के बाद दंपति ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस से बचने के डर से पति पत्नी ने शव को रोड़ किनारे फेंक दिया, ताकि लोगों को लगे की एक्सीडेंट से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने जांच के बाद दंपति को गिरफ्तार कर लिया है। ये पूरा मामला लैलूंगा थाना के लोहडापानी लकरा टोकरी का है।
दरअसल, पिछले माह 6 अप्रैल को थाना लैलूंगा अंतर्गत लोहडापानी लकरा टोकरी रोड के पास एक युवक का शव कच्ची सड़क किनारे पड़ा मिला था। मृतक की शिनाख्त टेकमणी पैंकरा पिता कुहूरू सिंगार 18 वर्ष निवासी लोहडापानी गोठानडांड के रूप में की गई थी। घटना को लेकर मृतक के मामा अशोक कुमार पैंकरा ने बताया था कि टेकमणी पैकरा (मृतक) कोतबा हॉस्टल में रहकर कक्षा ग्यारहवीं में पढ़ाई करता था। 5 अप्रैल को हॉस्टल से घर आया था और शाम 4-5 बजे करीब घर की मोटरसाइकिल लेकर घूमने निकला था। दूसरे दिन सुबह टेकमणी पैकरा की मां उसे खोजने निकली तो टेकमणी का शव माड़ो गुफा रास्ता मोड़ के पास सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला उसके सिर और शरीर में चोट लगी हुई थी।



