भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली पाकिस्तानी महिला, सीमा हैदर ने कहा है कि उन्होंने हिन्दू धर्म अपना लिया है. सीमा, पिछले हफ्ते अपने प्रेमी भारतीय नागरिक सचिन के साथ ग्रेटर नोएडा में रहते हुए पकड़ी गई थी. इसके बाद सीमा, सचिन और सचिन के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था.
बाद में तीनों को कोर्ट ने जमानत दे दी थी. इसके बाद सीमा सचिन के साथ उसके ग्रेटर नोएडा वाले घर में रहने लगी. अब सीमा ने कहा है कि उन्होंने हिन्दू धर्म अपना लिया है और वो गंगा में डुबकी लगाएगी.
सीमा ने कहा, “मैंने हिन्दू धर्म स्वीकार कर लिया है. हमने शादी भी कर ली है. मेरी मोदीजी और योगीजी से ये रिक्वेस्ट है कि मुझे भारतीय नागरिकता दी जाए और इनके (सचिन) साथ यहां रहने दिया जाए.”
“हमने शादी कर ली है लेकिन दुनिया को प्रूफ चाहिए होता है. प्रूफ के लिए हम कोर्ट मैरिज करेंगे और मैं गंगा स्नान करूंगी.”
सीमा ने ये भी कहा कि वो पाकिस्तान वापस नहीं जाना चाहती. वही दूसरी तरफ, सीमा के पति गुलाम हैदर ने भारत सरकार से अपील की है कि सीमा और उनके चार बच्चों को पाकिस्तान वापस भेज दिया जाए.


