नोटों की बारिश का झांसा, थैले में निकले नकली नोट… रायपुर में पार्षद से 3.5 लाख की तांत्रिक ठगी
100 गुना पैसा बनाने का दावा, पूजा-पाठ के नाम पर झांसा; बीजेपी पार्षद को ठगकर भागे तांत्रिक, 4 घंटे में पुलिस ने दबोचा

रायपुर।
तंत्र-मंत्र और चमत्कार के नाम पर लोगों को ठगने का खेल एक बार फिर बेनकाब हुआ है। रायपुर में नोटों की बारिश और पैसा 100 गुना करने का लालच देकर बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान कर नकली नोटों से भरा झोला थमाया और असली रकम लेकर फरार हो गए।
मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और महज 4 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तांत्रिक का जाल, पूजा-पाठ और बड़ा झांसा
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के ठक्कर बापा वार्ड से जुड़े इस सनसनीखेज मामले में पीड़ित पार्षद रुस्तम कुर्रे ने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी पहचान भिलाई सुपेला निवासी राहुल भारती से हुई थी। राहुल काम की तलाश में लगातार संपर्क में रहा और भरोसा जीत लिया।
4 फरवरी 2026 से राहुल ने पार्षद को यह कहकर झांसे में लिया कि उसका साथी मयंक दास एक शक्तिशाली तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है।
अनुष्ठान के नाम पर ठगी, नकली नोटों से भरा थैला
6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे, राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ पार्षद के मंगल बाजार, गुढ़ियारी स्थित कार्यालय पहुंचा। वहां पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई। अनुष्ठान के दौरान तांत्रिक मयंक दास ने कैश मांगा।
पार्षद ने 500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए सौंप दिए। कुछ देर बाद आरोपियों ने नकली नोटों से भरा झोला थमाया और असली पैसे लेकर मौके से निकल गए।
4 घंटे में कार्रवाई, दोनों आरोपी गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए राहुल भारती (निवासी सुपेला, भिलाई) और मयंक दास (निवासी रिसाली, भिलाई) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से
-
🏍️ एक अपाचे बाइक
-
📱 एक मोबाइल फोन
-
💰 पूरे 3.5 लाख रुपए बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाला यह गिरोह पहले भी लोगों को शिकार बना चुका हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।



