353 करोड़ की सौगात के बीच बड़ा संदेश! CM साय बोले—रेल लाइन के लिए करना होगा इंतजार, सभी जिलों तक पहुंचेगी सुविधा
मुंगेली में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री ने मांगी माफी, रेल और बुनियादी ढांचे पर दिए अहम संकेत

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को मुंगेली जिले के बहुप्रतीक्षित सुशासन तिहार 2026 लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित हुआ।
मुख्यमंत्री करीब तीन घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने मंच से जनता से खेद व्यक्त करते हुए क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों में लगातार कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण देरी हुई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 152 करोड़ रुपये से अधिक के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपये से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन, छात्रावास, आंगनबाड़ी भवन, पुल निर्माण और एसटीपी जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कई महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया, जिनमें डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्श समाज को दिशा देते हैं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, जिनमें वीरांगना रानी दुर्गावती प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये, छात्रावास भवन निर्माण, मेला नवागांव में बाउंड्रीवाल और सीसी रोड निर्माण शामिल है। साथ ही उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय की मांग पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया।
रेल परियोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 47 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन आने वाले समय में सभी जिलों तक रेल सुविधा पहुंचेगी।” उनके इस बयान को राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार के बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था की भी सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष मुंगेली का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है और शिक्षा सुधारों पर लगातार काम किया जा रहा है।



