जशपुर: बोर्ड परीक्षा के 13 टॉपर्स छात्रों का सम्मान: विधायक मिंज और भगत ने कहा – शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ा जशपुर जिले का नाम, कलेक्टर ने बताए सफलता के सूत्र

जशपुर. इस वर्ष बोर्ड परीक्षा की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के 13 प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया. कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक कुनकुरी यूडी मिंज थे. अध्यक्षता विधायक जशपुर विनय भगत ने की.
सम्मान समारोह में कलेक्टर डॉ रवि मित्तल, सीईओ जिला पंचायत जितेंद्र यादव, जिले के राइस मिलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल एवं विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे. उत्कृष्ट विद्यार्थियों के साथ 77 विद्यालयों के प्राचार्यो को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. ये वे प्राचार्य हैं, जिनके विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम इस वर्ष का 100 प्रतिशत रहा है. साथ ही पूरे प्रदेश में बोर्ड परीक्षा परिणाम में अव्वल रहने पर यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता, सदस्य संजीव शर्मा एवं अवनीश पांडेय को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
